मांगरोल, 9 अप्रेल। हमने कभी भी धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ा, सिर्फ दिलों को जोड़ने का काम किया है। उन्होंने भाजपा पर साम्प्रदायिकता के आरोप को बेबुनियाद बताया और कहा कि हमारी सोच सभी को साथ लेकर देश के चहुंमुखी विकास की है। अन्ता विधानसभा क्षेत्र में आज डेढ़ दर्जन गावों में जन सम्पर्क करते हुए भाजपा प्रत्याशी दुष्यन्त सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रति जो समर्थन व्यक्त किया, उसके वह कायल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लोकसभा चुनाव में भी क्षेत्र की जनता भाजपा को समर्थन प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद भाया को जनता ने लगातार दो बार विजयी बनाया, लेकिन उन्होंने क्षेत्र का विकास करने के स्थान पर खुद की जेबें भरने का काम किया। सिंह ने कहा कि यदि भाया को क्षेत्र के किसानों की वास्तव में चिंता होती तो लोगों को बारदाने और खाद के लिए संघर्ष का रास्ता नहीं चुनना पड़ता। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर महत्वाकांक्षी दीपपुरिया-रक्यपुरिया लिफ्ट सिंचाई योजना को ठप करने का आरोप लगाया।
सांसद प्रत्याशी ने कहा कि वह क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में काम करना चाहते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी गांव पेयजल से वंचित ना रहे, किसानों के खेतों तक पानी पहुंचे और क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
सम्पर्क सभाओं को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि देश को भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए आज ’वोट फाॅर इंडिया’ की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ही देश की अस्मिता की रक्षा तथा कृषि और ग्रामीण विकास की परिकल्पना को साकार करने की सोच रखते हैं।
भाजपा में शामिलः मियाड़ा में राजपा के जिला महामंत्री प्रमोद कुमार नागर ने सांसद प्रत्याशी के समक्ष भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। इससे पूर्व कोयला में दुष्यंत ने छप्पन जी महाराज मंदिर में दर्शन किए।
जन सम्पर्क के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय, जिला महामंत्री रामशंकर वैष्णव, उपाध्यक्ष नंदलाल सुमन, विधानसभा प्रभारी रामस्वरूप यादव, जिला परिषद सदस्य प्रेम नारायण गालव, पूर्व कृषि मंडी अध्यक्ष प्रमोद मीणा, मोरपाल सुमन, मुकुट मीणा, वरिष्ठ नेता मोहन मीणा, ओम नागर, मनोज गोस्वामी, सुरेश पाटोदिया व युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार नागर आदि नेता मौजूद रहे।
Send this to a friend